पणजी: गोवा में विदेशी नागरिकों से जुड़ा एक खौफनाक दोहरा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने दो रूसी महिलाओं की हत्या के मामले में 37 वर्षीय रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को दोनों महिलाओं के शव मिलने के बाद यह मामला उजागर हुआ।
मृतकों की पहचान एलेना कस्थानोवा (37) और एलिना वानीवा (37) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हत्या एक ही तरीके से की गई। चाकू से गला रेतने के साथ-साथ उनके हाथ पीछे की ओर रस्सी से बंधे पाए गए, जिससे हत्या की साजिशन प्रकृति सामने आती है।
पहली वारदात अरंबोल इलाके में सामने आई, जहां एक किराए के मकान से एलेना कस्थानोवा का शव बरामद किया गया। मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि यह घटना देर रात की है। कस्थानोवा आरोपी एलेक्सी लियोनोव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस अभी इस हत्या की जांच कर ही रही थी कि कुछ ही घंटों बाद करीब 8 किलोमीटर दूर मोरजिम इलाके से दूसरी रूसी महिला एलिना वानीवा की हत्या की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि वानीवा, आरोपी और कस्थानोवा दोनों की करीबी मित्र थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी और कस्थानोवा पिछले एक महीने से साथ रह रहे थे। 14 जनवरी को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान कस्थानोवा ने पास में रहने वाली एक रूसी महिला से मदद मांगी थी, लेकिन उसने हस्तक्षेप करने से मना कर दिया।
पड़ोस में रहने वाली महिला के अनुसार, कुछ देर बाद उसने कस्थानोवा की चीखें सुनीं। जब वह कमरे के पास पहुंची, तब तक आरोपी पहली मंजिल की बालकनी से कूदकर फरार हो चुका था। इसके अगले दिन आरोपी ने मोरजिम पहुंचकर एलिना वानीवा की भी हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और दोनों हत्याओं के पीछे की वजहों की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास या आपराधिक संपर्क तो नहीं है। इस घटना के बाद गोवा के उन इलाकों में चिंता और डर का माहौल है, जहां बड़ी संख्या में रूसी पर्यटक और विदेशी नागरिक रहते हैं।