मुंबई : महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की महायुति को मिली बड़ी सफलता के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सियासी हैसियत और मजबूत होती नजर आ रही है। बृहन्मुंबई नगर निगम सहित राज्य के 29 नगर निगमों में शानदार प्रदर्शन के बाद फडणवीस को शहरी राजनीति का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। इसी सियासी बढ़त का असर मुंबई की सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है।
शनिवार को मुंबई के मालाड, कांदिवली, गोरेगांव और अन्य प्रमुख इलाकों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समर्थन में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में उन्हें ‘महाराष्ट्र का धुरंधर’ बताते हुए उनकी चुनावी रणनीति और नेतृत्व क्षमता को रेखांकित किया गया है। व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर लगे ये पोस्टर महायुति के विजयी प्रत्याशियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए हैं।
भाजपा के युवा नेतृत्व ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाना ने विभिन्न इलाकों में ‘धुरंधर देवेंद्र’ शीर्षक वाले पोस्टर लगवाकर मुख्यमंत्री के प्रति समर्थन जताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि शहरी मतदाताओं के बीच विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व का संदेश असरदार साबित हुआ है।
इससे पहले, राज्य सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मुख्यमंत्री फडणवीस को महाराष्ट्र की राजनीति का मजबूत ब्रांड बताते हुए कहा था कि निकाय चुनावों में महायुति की जीत विकास के एजेंडे पर जनता की मुहर है। उनके मुताबिक ‘विकसित मुंबई–विकसित महाराष्ट्र’ की सोच को मुख्यमंत्री ने जमीन पर उतारने का भरोसा दिलाया, जिसे मतदाताओं का समर्थन मिला।
चुनावी सफलता के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां से आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद से यह जीत संभव हुई है। वहीं, जीत के बाद उनके नागपुर और मुंबई स्थित आवासों पर समर्थकों और पार्टी नेताओं का तांता लगा रहा।
मुख्यमंत्री के परिवार ने भी इस अवसर को खास बनाया। पत्नी अमृता फडणवीस और बेटी दिविजा ने विजय तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री आशीष शेलार और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। निकाय चुनावों में मिली इस जीत को भाजपा नेतृत्व आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम मान रहा है।