नया रायपुर सोलर सिटी बनने की ओर: 18 विभागों के लिए 2370 किलोवाट सोलर योजना मंजूरी का इंतजार

रायपुर ; प्रदेश में सोलर ऊर्जा से बिजली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अब तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने नया रायपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस योजना के तहत 18 विभागों के लिए कुल 2370 किलोवाट क्षमता की सोलर बिजली उत्पादन परियोजनाओं को मंजूरी का इंतजार है।

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि पहले 10 मेगावाट की एकीकृत योजना केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिसे सरकार ने प्रत्येक विभाग के लिए अलग-अलग प्रस्ताव पेश करने के निर्देश के साथ खारिज कर दिया। इसके बाद क्रेडा ने विभागवार सोलर योजनाएं तैयार कर सरकार को भेज दी हैं।

विभागों के लिए सोलर क्षमता का विवरण:

  • अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम – 500 किलोवाट
  • रिटेल कॉम्प्लेक्स – 400 किलोवाट
  • सीएसआईडीसी मेला स्थल – 250 किलोवाट
  • ऑफिस कॉम्प्लेक्स – 200 किलोवाट
  • आदिवासी संग्रहालय – 200 किलोवाट
  • कमर्शियल कॉम्प्लेक्स – 100 किलोवाट
  • स्वास्थ्य सेवा निदेशालय – 90 किलोवाट
  • राज्य योजना आयोग – 90 किलोवाट
  • इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट – 80 किलोवाट
  • लोक निर्माण विभाग (डिवीजन-3) – 70 किलोवाट
  • छत्तीसगढ़ राज्य चुनाव आयोग – 60 किलोवाट
  • डेवलपमेंट कमिश्नर कार्यालय – 55 किलोवाट
  • स्टेट इंफॉर्मेशन कमीशन – 50 किलोवाट
  • राज्य चुनाव आयोग सचिवालय – 45 किलोवाट
  • अन्य विभाग – 30-30 किलोवाट

क्रेडा का उद्देश्य नए रायपुर में मंत्रालय, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बंगले, सरकारी संस्थान और अन्य कार्यालयों में सोलर ऊर्जा का व्यापक उपयोग करना है। योजना को मंजूरी मिलने के बाद सभी विभागों में चरणबद्ध रूप से कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

देश में सोलर ऊर्जा की ओर बढ़ते रुझान को देखते हुए केंद्र सरकार भी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से घर-घर सोलर पैनल लगाने पर जोर दे रही है। इसके अलावा सरकारी और निजी स्तर पर बड़े सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। नया रायपुर की सोलर सिटी योजना राज्य को अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक उदाहरण बनने की दिशा में अग्रसर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *