भिलाई नगर निगम में अनियमितताओं पर हिन्दू युवा मंच का उग्र प्रदर्शन

भिलाई। नगर निगम भिलाई में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के विरोध में हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर द्वारा मंगलवार को “हल्ला बोल” करते हुए उग्र आंदोलन किया गया। यह आंदोलन सुपेला चौक से नगर निगम कार्यालय तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह आंदोलन हिन्दू युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकुमार नायर की सहमति, संगठन महामंत्री राजेश शर्मा की अनुमति तथा प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू के निर्देश पर किया गया। मंच के नेताओं ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों को लेकर आयुक्त राजीव कुमार पांडे को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय शीघ्र जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 24 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसी भी बिंदु पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

हिन्दू युवा मंच का आरोप है कि नगर निगम भिलाई में प्लेसमेंट कर्मचारियों को ईएसआई-पीएफ से वंचित रखा जा रहा है। साथ ही वर्षारोपण, पेवर ब्लॉक निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, शिक्षा कर, ठेका वितरण एवं अवैध शुल्क वसूली जैसे गंभीर मामलों पर निगम प्रशासन की चुप्पी भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का प्रमाण है।

पूर्व चेतावनी के अनुरूप 20 जनवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे मंच के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

इस आंदोलन में हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर के जिला महामंत्री अमित पुरोहित, प्रभारी सुरेन्द्र जैन, महानगर अध्यक्ष कमल रणदीवे, संयोजक अमिताभ वर्मा, महामंत्री विश्वामूर्ति तिवारी, वैशालीनगर अध्यक्ष अजय यादव, रिसाली अध्यक्ष कृष्णा चौहान सहित सोनू साव, नंदलाल प्रसाद, वीरेंद्र सिंह, राज गुप्ता, दीपक राजपूत, राजा देवांगन, रवि देशमुख, रुद्र मिश्रा, नीरज देवांगन, रवि देवांगन, विक्की साहू, करण, एस.के. पांडेय, नितेश त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, सुधांशु कोसे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी संगठन के संपर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *