छत्तीसगढ़वासियों के लिए सुनहरा मौका: ऑटो एक्सपो–2026 में आधे RTO टैक्स पर वाहन खरीदें

रायपुर | छत्तीसगढ़ में वाहन खरीदने वालों के लिए एक बार फिर बड़ी राहत की घोषणा की गई है। परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की ओर से ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक श्रीराम बिजनेस पार्क, विधानसभा रोड, सड्डू (रायपुर) में संपन्न होगा। एक्सपो के दौरान खरीदे गए वाहनों पर जीवनकाल कर (RTO टैक्स) में 50 प्रतिशत की सीधी छूट दी जाएगी, जिससे आम उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

प्रदेशभर के उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल रायपुर तक सीमित नहीं है। छत्तीसगढ़ के किसी भी जिले का नागरिक इस टैक्स छूट का फायदा उठा सकता है। वाहन खरीदने के लिए एक्सपो स्थल पर आना अनिवार्य नहीं है, बल्कि उपभोक्ता अपने जिले के अधिकृत डीलर के माध्यम से वाहन बुक कर इस विशेष छूट का लाभ ले सकते हैं।

स्थानीय जिले में होगा वाहन पंजीयन

योजना के अंतर्गत वाहन का रजिस्ट्रेशन उपभोक्ता के गृह जिले के आरटीओ कार्यालय में ही किया जाएगा। इससे वाहन पर उसी जिले का आरटीओ नंबर मिलेगा। इस सुविधा से न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। दूर-दराज के जिलों के डीलरों की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्रीय व्यापार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सभी प्रमुख कंपनियों के नए मॉडल एक साथ

ऑटो एक्सपो–2026 में देश की सभी प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों के लेटेस्ट और उन्नत मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर कार, बाइक और अन्य वाहनों की तुलना करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार बेहतर निर्णय ले सकेंगे। एक्सपो के दौरान बैंक और वित्तीय संस्थान आकर्षक ब्याज दरों पर वाहन ऋण की सुविधा देंगे, वहीं बीमा कंपनियां भी रियायती प्रीमियम पर बीमा उपलब्ध कराएंगी।

266 डीलर्स लेंगे हिस्सा

इस मेगा इवेंट में रायपुर के 95 और अन्य जिलों के 171, कुल 266 ऑटोमोबाइल डीलर्स भाग ले रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को वाहनों के अनेक विकल्प मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित ऑटो एक्सपो–2025 में लगभग 29 हजार से अधिक वाहन बिके थे और आम जनता को करीब 120 करोड़ रुपये की RTO टैक्स छूट का लाभ मिला था। इस बार आंकड़ों के और बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *