Bollywood News : जैसे-जैसे फिल्म धुरंधर 2 की रिलीज नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इससे जुड़ी नई अटकलें फिल्मी गलियारों में तेज हो गई हैं। मेकर्स अब तक फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को लेकर चुप्पी बनाए हुए हैं, लेकिन स्पेशल अपीयरेंस और कैमियो को लेकर लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं।
विकी कौशल की एंट्री की अटकलें
फिल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो अब चर्चाओं के केंद्र में विकी कौशल का नाम है। कहा जा रहा है कि वह फिल्म में एक खास भूमिका में नजर आ सकते हैं। यह किरदार उनके चर्चित फिल्म उरी के कैरेक्टर मेजर विहान शेरगिल से जुड़ा हो सकता है। चर्चा है कि उनके हिस्से कुछ दमदार एक्शन सीक्वेंस भी होंगे, जिन्हें पहले ही शूट किया जा चुका है।
उरी और धुरंधर यूनिवर्स का संभावित लिंक
धुरंधर के पहले भाग के एंड क्रेडिट सीन के बाद से ही दर्शक दोनों फिल्मों के बीच कनेक्शन तलाश रहे हैं। रणवीर सिंह के किरदार का नाम सामने आने के बाद यह कयास और मजबूत हुए कि कहानी किसी बड़े यूनिवर्स की ओर इशारा कर रही है। उरी के एक सीन में इस्तेमाल हुए नाम और धुरंधर की कहानी के तार जुड़ने की संभावना ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
डायरेक्टर आदित्य धर और विकी कौशल की जोड़ी पहले भी दर्शकों को पसंद आ चुकी है, ऐसे में इस संभावित सहयोग को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रणवीर और विकी आमने-सामने होंगे या नहीं?
हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि फिल्म में रणवीर सिंह और विकी कौशल के किरदारों का आमना-सामना होगा या नहीं। लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि अगर यह कैमियो सच साबित होता है तो फिल्म को एक नया लेयर और बड़ा स्केल मिल सकता है।
रिलीज डेट और संभावित सरप्राइज
धुरंधर 2 को 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है, जहां इसका मुकाबला यश की फिल्म टॉक्सिक से होगा। खबरों के मुताबिक, इस बार फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार के अतीत की कहानी को और गहराई से दिखाया जा सकता है। पहले भाग के कुछ किरदार फ्लैशबैक के जरिए वापसी कर सकते हैं। इसके अलावा फिल्म में एक खास म्यूजिक ट्रैक या सरप्राइज एलिमेंट भी शामिल किए जाने की चर्चा है।
हालांकि विकी कौशल की मौजूदगी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर यह खबर सच होती है तो यह फिल्म दर्शकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगी।