नगर निगम दुर्ग की बड़ी कार्रवाई: किराया जमा नहीं करने पर गंजपारा की 12 दुकानें सील

दुर्ग |  नगर पालिक निगम दुर्ग ने बकाया राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर बाजार विभाग की टीम ने गंजपारा स्टेट बैंक के पीछे स्थित 12 दुकानों को किराया जमा न करने के कारण सील कर दिया है। इन दुकानों पर लंबे समय से किराया बकाया था और बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दुकानदारों ने भुगतान नहीं किया था।

नोटिस के बाद भी नहीं जागा दुकानदार

प्रभारी बाजार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा ने बताया कि गंजपारा क्षेत्र में लीज पर आवंटित इन दुकानों के किराए में वृद्धि की सूचना पहले ही दी जा चुकी थी। बकाया राशि जमा करने के लिए समय-समय पर नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन दुकानदारों द्वारा रुचि नहीं दिखाने पर अंततः आवंटन निरस्त कर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

इन दुकानदारों पर गिरी गाज:

निगम द्वारा जारी सूची के अनुसार जिन दुकानों को सील किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • मोहम्मद हसन खान (दुकान नं. 32)
  • कु. पूजा सेन (दुकान नं. 56)
  • शंकर शर्मा (दुकान नं. 57)
  • मोहम्मद जाकिर (दुकान नं. 66)
  • नेहा केसरवानी (दुकान नं. 71)
  • प्रहलाद लालवानी (दुकान नं. 72)
  • अय्युब गहलोत (दुकान नं. 79)
  • शीतल जांगीड़ (दुकान नं. 80)
  • मुनव्वर अली (दुकान नं. 83)
  • जाकीर हुसैन (दुकान नं. 84)
  • नागेश्वर सोनकर (दुकान नं. 89)
  • गिरधारी देवांगन (दुकान नं. 93)

कार्रवाई में शामिल टीम:

यह कार्रवाई प्रभारी बाजार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा, सहायक शशिकांत यादव और ईश्वर वर्मा के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजस्व विभाग और बाजार विभाग का पूरा अमला मौके पर तैनात रहा।

आयुक्त की कड़ी चेतावनी:

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि निगम की संपत्ति का उपयोग करने वाले सभी दुकानदारों को निर्धारित समय पर किराया जमा करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी है कि बकाया रिकवरी के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और डिफाल्टरों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *