सरकार की बड़ी डिजिटल पहल, ‘संपन्न’ पोर्टल को डिजीलॉकर से किया गया इंटीग्रेट

नई दिल्ली |सरकार ने पेंशन सेवाओं को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। बुधवार को जानकारी दी गई कि ‘संपन्न’ पेंशन पोर्टल को अब डिजीलॉकर प्लेटफॉर्म से एकीकृत कर दिया गया है, जिससे दूरसंचार विभाग के पेंशनरों को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज ऑनलाइन और सुरक्षित रूप से उपलब्ध हो सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत पेंशनधारक अपने ई-पेंशन पेमेंट ऑर्डर (ई-पीपीओ), ग्रेच्युटी भुगतान आदेश, कम्यूटेशन ऑर्डर, पेंशन सर्टिफिकेट और फॉर्म-16 जैसे दस्तावेज सीधे डिजीलॉकर में प्राप्त कर सकेंगे। इन दस्तावेजों को अब किसी कार्यालय में जाए बिना, मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से कभी भी डाउनलोड किया जा सकेगा।

‘संपन्न’ पोर्टल का विकास कंट्रोलर जनरल ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स के कार्यालय द्वारा किया गया है। डिजीलॉकर इंटीग्रेशन के बाद पोर्टल उपयोगकर्ताओं को केवल अपना पीपीओ नंबर दर्ज कर संबंधित सेवा चुननी होगी, जिसके बाद आवश्यक दस्तावेज स्वतः डिजिटल रूप में उपलब्ध हो जाएंगे।

संचार मंत्रालय के अनुसार, यह पहल न केवल दस्तावेजों को सुरक्षित रखेगी बल्कि कागजी कार्यवाही को भी काफी हद तक खत्म करेगी। इससे बैंकिंग प्रक्रिया, मेडिकल रिइंबर्समेंट और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी आसानी होगी।

दिल्ली के प्रधान संचार लेखा नियंत्रक आशीष जोशी ने बताया कि इस सुविधा से पेंशनरों का समय और खर्च दोनों बचेगा, खासकर उन लोगों का जो दस्तावेजों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाते थे। उन्होंने कहा कि यह कदम पेंशनरों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

गौरतलब है कि ‘संपन्न’ पोर्टल को 29 दिसंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। इस पोर्टल के जरिए पेंशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया—आवेदन, स्वीकृति, भुगतान, लेखा परीक्षण और शिकायत निवारण—को डिजिटल रूप दिया गया है। डिजीलॉकर से जुड़ाव के बाद यह प्लेटफॉर्म और अधिक पेंशनर-केंद्रित, पारदर्शी और सुविधाजनक बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *