धान खरीदी में लापरवाही पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, खाद्य अधिकारी निलंबित

मुंगेली : मुंगेली जिले से धान खरीदी व्यवस्था को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीदी प्रक्रिया में सामने आई गंभीर खामियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निरीक्षण और निगरानी में मिली गंभीर चूक

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई धान खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं थीं। आरोप है कि संबंधित अधिकारी द्वारा केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया गया, वहीं धान के परिवहन और मिलरों को दिए जाने वाले उठाव की निगरानी में भी भारी अनदेखी बरती गई। इससे खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।

विभागीय नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

जांच रिपोर्ट में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन को आधार बनाते हुए निलंबन का आदेश जारी किया है। मामले में आगे विभागीय जांच भी की जाएगी।

38 कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई

धान खरीदी से जुड़े मामलों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है। समिति प्रबंधकों सहित कुल 38 कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं। इनमें 31 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, एक की सेवा समाप्त की गई है, दो कर्मचारियों को सेवा से पृथक किया गया है, एक को कार्य से अलग किया गया है, जबकि तीन मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

12 जिलों में चला प्रशासन का डंडा

यह सख्त कार्रवाई प्रदेश के 12 जिलों— दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापारा— में की गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *