भाटापारा में भीषण औद्योगिक हादसा, स्टील प्लांट में कोल कीलन ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत

भाटापारा। ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के डीएससी कोल कीलन में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट से प्लेटफॉर्म पर सफाई कार्य कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह नियमित कार्य के दौरान अचानक तेज धमाके के साथ कोल कीलन में विस्फोट हुआ, जिससे पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना भीषण था कि आसपास काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद प्लांट परिसर में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, हादसे के कारणों को लेकर प्रबंधन और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *