बांग्लादेश का T20 वर्ल्ड कप बहिष्कार, भारत में मैचों की शर्त पर उठे सवाल

नई दिल्ली। बांग्लादेश ने आगामी ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में मैच खेलने से इंकार कर दिया है। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि टीम सुरक्षा कारणों के चलते भारत में प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश ने पहले ICC से अनुरोध किया था कि उसके मैच भारत के बजाय किसी अन्य देश में आयोजित किए जाएं, लेकिन ICC ने इसे खारिज कर दिया।

आसिफ ने कहा, “हमारे फैसले में कोई बदलाव नहीं होगा। हमें ICC से न्याय नहीं मिला। भारत में सुरक्षा की स्थिति जस की तस बनी हुई है। हम अब श्रीलंका में खेलने की योजना के साथ ICC के पास जाएंगे। ICC ने हमें केवल 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया, लेकिन किसी भी ग्लोबल बॉडी के लिए ऐसा फैसला करना उचित नहीं है। ICC 200 मिलियन दर्शकों को इस घटना के चलते खो देगा, जो उनका नुकसान होगा।”

उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 टीम से हटाने का निर्देश दिया। इसके पीछे हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को सुरक्षा कारण बताया गया। नजरुल ने कहा, “भारत अपने खिलाड़ी को सुरक्षा देने में नाकाम रहा। क्रिकेट बोर्ड सरकार का हिस्सा है, और दबाव में आने पर सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रहा।”

ICC ने बुधवार को साफ कर दिया था कि बांग्लादेश के मुकाबले पहले तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही खेले जाएंगे। बांग्लादेश टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उतरेगी। इसके बाद 17 फरवरी को टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल से भिड़ेगी।

बांग्लादेश के इस निर्णय से स्कॉटलैंड को लाभ मिलने की संभावना है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस बहिष्कार के चलते टूर्नामेंट में सुरक्षा और राजनीतिक मुद्दों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *