दुर्ग : दुर्ग जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग (एनएच) के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सिरसा एवं खुर्सीपार में दो फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। फ्लाईओवर के निर्माण से इन क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी और वाहनों का सुचारू आवागमन सुनिश्चित होगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में भी कमी आएगी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुपेला मार्केट क्षेत्र में सड़क पर अवैध पार्किंग कराने वाले पार्किंग ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध पार्किंग के मामलों में वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सड़क किनारे किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में पूर्व बैठक की पालन प्रतिवेदन की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पूर्ण किए गए कार्यों, वर्तमान प्रगति और विभागीय स्तर पर की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी। जिले की सड़कों पर यातायात सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा, नगर निगम भिलाई आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नगर निगम भिलाई चरोदा आयुक्त दशरथ राजपूत, नगर निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव, एसडीएम भिलाई-03 महेश राजपूत, एसडीएम धमधा सोनल डेविड, आरटीओ एस.एल. लकड़ा, एनएचएआई परियोजना निदेशक दिग्विजय सिंह, एनएचआई के कार्यपालन अभियंता गोविंद अहिवार, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता आशीष भट्टाचार्य सहित अन्य पुलिस एवं बीएसपी के अधिकारी उपस्थित रहे।