नवा रायपुर ; छत्तीसगढ़ अब विकास की दौड़ में एक और बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। राज्य जल्द ही फिल्म और मनोरंजन जगत के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाने वाला है। राजधानी नवा रायपुर में प्रस्तावित ‘चित्रोत्पला इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ के निर्माण की औपचारिक शुरुआत 24 जनवरी 2026 को होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा।
नवा रायपुर में विकसित होने वाली यह फिल्म सिटी आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त होगी। यहां अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो, प्राकृतिक और कृत्रिम आउटडोर शूटिंग स्पॉट, एडवांस पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं और भव्य ऑडिटोरियम बनाए जाएंगे। साथ ही कलाकारों और तकनीशियनों के लिए प्रशिक्षण संस्थान और ठहरने के लिए होटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस फिल्म सिटी में अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न कोर्स संचालित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में पेशेवर प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे न केवल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि पलायन पर भी रोक लगेगी।
करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित यह परियोजना अगले तीन वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है। इसके पूरा होते ही छत्तीसगढ़ देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बन सकता है। बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय फिल्म यूनिट्स के आने से प्रदेश में पर्यटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
चित्रोत्पला इंटरनेशनल फिल्म सिटी से स्थानीय कलाकारों, तकनीकी कर्मियों और सहायक उद्योगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ को फिल्म उद्योग के उभरते हुए हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है।