ट्रोल्स पर भारी पड़े ‘बॉर्डर 2’ मेकर्स, वरुण धवन के समर्थन में आए सामने

,Bollywood : बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ की शानदार सफलता के साथ ही वरुण धवन को लेकर उठे तमाम सवाल अब खुद-ब-खुद शांत होते नजर आ रहे हैं। फिल्म के शुरुआती प्रोमो, गाने और ट्रेलर के दौरान अभिनेता की मुस्कान को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर निशाना बनाया गया था, लेकिन फिल्म रिलीज होने के बाद समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब वही दर्शक और यूजर्स वरुण के अभिनय की खुलकर सराहना कर रहे हैं।

फिल्म की कामयाबी के बीच ‘बॉर्डर 2’ के निर्माता भूषण कुमार ने ट्रोलिंग करने वालों पर प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अब ऐसे कई पोस्ट और मीम्स सामने आ रहे हैं, जिनमें पहले की आलोचना के लिए माफी मांगी जा रही है। भूषण कुमार के मुताबिक, वरुण इस समय पूरी तरह निश्चिंत हैं और फिल्म की सफलता का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी उनके खिलाफ बोल रहे थे, वही अब उनके प्रदर्शन की तारीफ कर रहे हैं।

फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह ने भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बिना फिल्म देखे किसी कलाकार को जज करना गलत है। उनके अनुसार, वरुण को लेकर की गई टिप्पणियां सिर्फ आलोचना नहीं बल्कि व्यक्तिगत हमले जैसी थीं। स्माइल को लेकर उठाया गया विवाद बेहद गैर-जरूरी और नकारात्मक था, जो यह दिखाता है कि आजकल नकारात्मकता को ही ज्यादा तवज्जो दी जाती है।

अनुराग सिंह ने यह भी कहा कि इस तरह की ट्रोलिंग का असर कलाकारों की मानसिक सेहत पर पड़ता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे शब्द किसी व्यक्ति को मानसिक रूप से तोड़ सकते हैं और डिप्रेशन तक ले जा सकते हैं। कलाकारों के साथ-साथ उनके परिवार भी इससे प्रभावित होते हैं, लेकिन ट्रोल करने वालों को इसका अंदाजा तक नहीं होता।

गौरतलब है कि ट्रोलिंग के दौर में खुद वरुण धवन ने साफ कहा था कि वह अपने काम के जरिए ही हर सवाल का जवाब देंगे। आज फिल्म को मिल रही सराहना और बॉक्स ऑफिस पर उसकी मजबूत पकड़ यह साबित कर रही है कि वरुण ने जो कहा था, वह सही साबित हुआ। उनका अभिनय ही अंततः उनकी सबसे बड़ी प्रतिक्रिया बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *