भिलाई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सेक्टर-6 स्थित लाल मैदान में स्टंटबाजी को लेकर पुलिस और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भिलाई नगर थाने पहुंचकर जमकर नारेबाजी की।बताया जाता है कि,भाजयुमो कार्यकर्ता सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हेलमेट वितरण और बाइक रैली निकालने के लिए लाल मैदान में एकत्रित हुए थे। इसी दौरान वहां कुछ युवक बाइक पर स्टंट करने लगे। स्टंटबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्टंटबाज युवक वहां से जा चुके थे।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
मौके पर मौजूद भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच रैली की अनुमति और स्टंटबाजी को लेकर बहस शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस के साथ हुई इस झूमाझटकी में एक कार्यकर्ता को चोट आई है। विवाद के बाद पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जिसके विरोध में भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में लगभग 100 कार्यकर्ता भिलाई नगर थाने पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन किया।भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना है कि वे एक जनहितैषी कार्यक्रम (हेलमेट वितरण) कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप किया। स्टंट करने वाले बाहरी युवक थे, जबकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया।

इस मामले में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर हर साल स्टंटबाजी की सूचना मिलती है इसी लिहाज से स्टंट बाजी रोकने के लिए 6 स्थानों पर पुलिस टीमें तैनात की गई थीं। सेक्टर-6 में बिना अनुमति रैली निकालने और हेलमेट न पहनने को लेकर समझाइश दी जा रही थी। इसी दौरान कुछ देर के लिए अप्रिय स्थिति बनी जिसे वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।फिलहाल, सीएसपी के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।