रेलवे सुरक्षा को लेकर DG आरपीएफ सोनाली मिश्रा सख्त, दुर्ग स्टेशन का किया औचक निरीक्षण

दुर्ग, 30 जनवरी (लोकतंत्र प्रहरी संवाददाता): रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महानिदेशक (DG) सोनाली मिश्रा शुक्रवार शाम अचानक दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचीं। उनके इस औचक निरीक्षण से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। महानिदेशक ने पूरे स्टेशन परिसर का बारीकी से मुआयना किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उनके साथ दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य और दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सुरक्षा पर हाई-लेवल मीटिंग:

स्टेशन के वीआईपी लाउंज में आयोजित समीक्षा बैठक में डीजी सोनाली मिश्रा ने सुरक्षा मानकों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति का संरक्षण बल की पहली जिम्मेदारी है। बैठक में अपराध नियंत्रण और संगठित गिरोहों पर लगाम कसने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मानव तस्करी पर ‘जीरो टॉलरेंस’:

महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानव तस्करी (Human Trafficking) को रोकना और महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित माहौल देना आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा।

तकनीक और समन्वय पर जोर:

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कवरेज और ट्रेनों में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। डीजी ने कहा, “बदलते समय के साथ अपराध के तरीके बदले हैं, इसलिए आरपीएफ को तकनीकी रूप से अत्याधुनिक और प्रशिक्षित होना होगा।” उन्होंने बेहतर परिणाम के लिए आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस के बीच आपसी समन्वय को अनिवार्य बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *