रिसाली निगम की बड़ी कार्रवाई: 5 साल से टैक्स दबाए बैठे लोगों के कटेंगे नल कनेक्शन, फिर होगी कुर्की

रिसाली: नगर पालिक निगम रिसाली में संपत्तिकर जमा करने में टाल-मटोल करने वाले बकायादारों पर अब गाज गिरने वाली है। निगम आयुक्त मोनिका वर्मा के निर्देश पर ऐसे 19 बड़े बकायादारों की सूची तैयार की गई है, जो पिछले 5 वर्षों से टैक्स जमा करने में कोताही बरत रहे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पहले इनके घर का नल कनेक्शन काटा जाएगा और फिर भी राशि जमा न होने पर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

नोटिस के बाद अब एक्शन की तैयारी

संपत्तिकर विभाग के प्रभारी अधिकारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि कई लोग निगम की सभी सुविधाओं का लाभ तो ले रहे हैं, लेकिन कर भुगतान में रुचि नहीं दिखा रहे। निगम ने धारा 173 के तहत अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। इसके बाद भी यदि टैक्स जमा नहीं होता है, तो धारा 174 के तहत कुर्की की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

इन बड़े बकायादारों को मिली 7 दिन की मोहलत:

निगम ने 19 प्रमुख नामों की सूची सार्वजनिक करते हुए उन्हें 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • बुनिया देवी (आजाद मार्केट): ₹8,13,713 और ₹22,21,740 का भारी बकाया।
  • राम ध्रुव विश्वकर्मा (स्टेशन मरोदा): ₹16,48,681
  • आर्यावर्त: ₹8,27,914
  • आजाद स्कूल (स्टेशन मरोदा): ₹8,09,353
  • नवीन सिंह (मधुरिशा रेस्टोरेंट): ₹4,44,939
  • ओम प्रकाश वर्मा (वैभव ट्रेडर्स): ₹3,75,959
  • वीणा विद्या निकेतन: ₹2,49,142
  • मैत्री नगर क्षेत्र: प्रदीप (₹1.91 लाख), अखिलेश यादव (₹1.30 लाख), शमीम अहमद (₹1.50 लाख) और नवीन सिंह (₹1.38 लाख)।

प्रशासन का कड़ा रुख

निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ है जो बार-बार समझाइश के बाद भी राजस्व की हानि कर रहे हैं। 7 दिन की मोहलत खत्म होते ही जमीनी स्तर पर नल विच्छेदन अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *