रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का आयोजन हो रहा है। यह परीक्षा करीब दो साल बाद हो रही है और प्रदेशभर से सवा तीन लाख से अधिक अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। परीक्षा के लिए राज्य के 20 जिला मुख्यालयों में कुल 1022 केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5:45 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 6 से 8 तक के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
आवेदन और जिलेवार जानकारी
प्रदेशभर से इस परीक्षा के लिए कुल 3,23,183 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे ज्यादा आवेदन बिलासपुर से 48,625 और रायपुर से 45,919 आए हैं। रायपुर में पहली पाली में 15,573 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में 30,346 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
व्यापम ने रायपुर में एक परीक्षा केंद्र में बदलाव किया है। मठपुरैना स्थित राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय की जगह अब नया केंद्र मठपारा स्थित राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय (दूधाधारी मंदिर के पास) बनाया गया है।
परीक्षा केंद्र पर इंतजाम
सघन सुरक्षा और जांच व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। साथ ही, परीक्षा से एक दिन पहले केंद्र का निरीक्षण करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
परीक्षा में ड्रेस कोड, स्वेटर, जूते और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़े नियम पहले की तरह लागू रहेंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने और समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।