- पद्मनाभपुर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा ली गुत्थी
दुर्ग | पद्मनाभपुर पुलिस ने एक बड़ी चोरी की गुत्थी को महज चंद घंटों में सुलझाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही मालिक का भरोसा तोड़कर लाखों के जेवरों पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से चोरी किए गए 20 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने रहने वाले राहुल जैन के घर की है। प्रार्थी ने घर से हीरे और सोने के जेवर गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 331(4) और 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान जब पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया, तो शक की सुई घर में काम करने वाली महिला कविता देशलहरे (निवासी स्टेशन मरोदा) पर जाकर टिकी।

विश्वास का फायदा उठाकर की चोरी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह लंबे समय से राहुल जैन के घर में घरेलू कामकाज कर रही थी। परिवार का विश्वास जीतने के बाद उसने मौका पाकर अलमारी से कीमती आभूषण पार कर दिए थे। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरें और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर माल बरामद कर आरोपी महिला के कार्रवाई की जा रही है ।

बरामद किए गए आभूषण:
- हीरे जड़ी एक सोने की चेन
- दो मंगलसूत्र और एक कीमती नेकलेस
- दो नग कान के झुमके
- चांदी की करधन, बड़ी और छोटी पायल व बिछिया
- दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
इस घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि:
- घर में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) अनिवार्य रूप से कराएं।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।
- नौकरों पर अत्यधिक भरोसा कर कीमती सामान की सुरक्षा में लापरवाही न बरतें।