Air India की लंदन-बेंगलुरु फ्लाइट में तकनीकी खराबी, फ्यूल स्विच समस्या के कारण उड़ान रद्द; DGCA ने जांच के दिए आदेश

नई दिल्ली : एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान एक बार फिर सुरक्षा चिंताओं के कारण सुर्खियों में आया है। लंदन से बेंगलुरु आ रही एक उड़ान में फ्यूल कंट्रोल स्विच में गंभीर तकनीकी समस्या पाई गई, जिसके कारण तत्काल उड़ान रोक दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सूचित किया, जिसने तुरंत पूरे बेड़े में इसी मॉडल के विमानों की जांच का आदेश जारी किया।

इंजन बंद होने का गंभीर खतरा टला
‘सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन’ के अनुसार, फ्लाइट क्रू ने लेफ्ट इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच में असामान्य गतिविधि देखी। स्विच बार-बार ‘ऑन’ पोजीशन पर लॉक होने की बजाय ‘कट ऑफ’ की ओर खिसक रहा था। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि उड़ान के दौरान ऐसी समस्या होने पर इंजन बंद हो सकता था, जिससे गंभीर हादसे का खतरा रहता। इसी कारण पायलट ने तुरंत उड़ान रद्द करने का फैसला लिया।

एयरलाइन की फ्लीट-वाइड जांच
एयर इंडिया ने बताया कि पायलट के अलर्ट के तुरंत बाद विमान को ग्राउंड कर दिया गया और ओईएम (OEM) तकनीकी टीम की मदद से समस्या की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि बेड़े में अन्य विमानों की जांच में कोई खराबी नहीं मिली। एयरलाइन ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए DGCA के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया।

अहमदाबाद हादसे की पृष्ठभूमि
1यह मामला ऐसे समय में आया है जब कुछ महीने पहले एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें 260 लोगों की जान गई थी। उस हादसे की जांच में तकनीकी खामियों पर भी ध्यान गया था। इसी कारण इस बार एयरलाइन और प्रशासन ने किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *