बैंक ऑफ बड़ौदा आईटी भर्ती 2026, परीक्षा पैटर्न और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी

नई दिल्ली। आईटी सेक्टर में करियर बनाने की योजना बना रहे युवाओं के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा ने बड़ा अवसर पेश किया है। बैंक ने अपने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत सीनियर मैनेजर डेवलपर, मैनेजर इंजीनियर, ऑफिसर सहित कई तकनीकी पदों को भरा जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।

आयु सीमा और छूट का प्रावधान

इन पदों के लिए न्यूनतम आयु पद के अनुसार 22, 24 और 27 वर्ष रखी गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा 32, 34 और 37 वर्ष तय की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।

  • अनुसूचित जाति एवं जनजाति को 5 वर्ष
  • अन्य पिछड़ा वर्ग को 3 वर्ष
  • दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट का लाभ मिलेगा।

शैक्षणिक योग्यता और अनुभव

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक या एमई/एमटेक की डिग्री होना आवश्यक है। इसके साथ ही संबंधित तकनीकी क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का कार्य अनुभव भी अनिवार्य रखा गया है। पदों से जुड़ी विस्तृत योग्यता और अनुभव की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है।

आवेदन शुल्क

  • भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है।
  • सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए शुल्क 850 रुपये
  • एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये

परीक्षा और चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा में रीजनिंग, अंग्रेजी भाषा, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल नॉलेज से जुड़े कुल 150 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका कुल अंक भार 225 अंक होगा। परीक्षा की अवधि 150 मिनट रहेगी। बैंक ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *