रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे। उनके आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर हुए स्वागत समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पांडेय एवं बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर महापौर मीनल चौबे, विधायक मोतीलाल साहू और राजेश मूणत उपस्थित रहे।

इसके अलावा मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज पिंगुआ तथा रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने भी केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया।
बताया जा रहा है कि अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राज्य में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन, सहकारिता से जुड़े विषयों और विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे कई उच्चस्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।केंद्रीय गृह मंत्री के इस दौरे को छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक और सुरक्षा दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।