बस्तर पण्डुम 2026 समापन समारोह में स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन, अमित शाह ने ताली बजाकर किया उत्साहवर्धन

जगदलपुर। संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम 2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित अतिथियों का दिल जीत लिया। समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बच्चों की कला, अनुशासन और आत्मविश्वास से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने खुले मन से ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री के स्वागत में जगदलपुर के हजारों स्कूली बच्चों ने “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत पर सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। भावपूर्ण भाव-भंगिमाओं और अनुशासित नृत्य से सजी इस प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को भावविभोर कर दिया। बच्चों की एकजुटता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति देखकर अमित शाह भी भावुक हो उठे और उन्होंने मंच से बच्चों की सराहना की।

समारोह में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मलखंभ प्रदर्शन भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। साहस, संतुलन और कौशल से भरपूर इस प्रदर्शन को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। केंद्रीय गृहमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनका उत्साह बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत को हिंदी और हल्बी बोली में रचा गया है। इस गीत में बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने स्वर और संगीत दिया है, जबकि दायरा बैंड ने इसे आधुनिक संगीत से सजाकर नया रूप प्रदान किया है। लोक-संस्कृति और आधुनिकता के संगम से बना यह गीत युवाओं और बच्चों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

बस्तर पण्डुम 2026 का यह समापन समारोह बस्तर की समृद्ध संस्कृति, प्रतिभाशाली युवा शक्ति और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *