मुख्यमंत्री विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल

रायपुर विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के नए गायन संस्करण की पेन ड्राइव का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को को इस आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘रेडियो और एआई’ अत्यंत सामयिक है। सूचना क्रांति के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके माध्यम से रेडियो को और अधिक जनोपयोगी बनाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सही समय पर सही जानकारी नागरिकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इस कार्य में रेडियो शुरू से प्रभावी माध्यम रहा है। उन्होंने आकाशवाणी को देश का सबसे भरोसेमंद समाचार प्रसारक बताते हुए कहा कि निजी चैनलों की प्रतिस्पर्धा के बीच भी उसने संतुलित और जनहितकारी परंपरा बनाए रखी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेडियो सूचना, शिक्षा और स्वस्थ मनोरंजन का सशक्त माध्यम है। दूरस्थ गांवों में रेडियो ही कभी देश-दुनिया से जुड़ने का एकमात्र साधन था और आज भी किसानों व ग्रामीणों के लिए इसकी विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम के लिए रेडियो का चयन इसकी व्यापक पहुंच का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में आकाशवाणी के छह स्टेशन संचालित हैं तथा रायपुर से विविध भारती सेवा का प्रसारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि ‘रेडियो और एआई’ संचार क्षेत्र में नई क्रांति ला सकता है। एआई की मदद से आपातकालीन सूचनाएं, मौसम पूर्वानुमान, कृषि सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अधिक सटीक व त्वरित रूप से प्रसारित की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और तकनीकी सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और डिजिटल तकनीक के जरिए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर ऑफ कम्युनिकेशन एंड इनफॉर्मेशन सु हज़्ज़ाज़ मा’अली ने भी सभी को विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रेडियो दुनिया का सबसे व्यापक और भरोसेमंद माध्यम है तथा एआई के माध्यम से इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष  शशांक शर्मा, आकाशवाणी के महानिदेशक  राजीव कुमार जैन, उप महानिदेशक  व्ही. राजेश्वर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *