छत्तीसगढ़ मना रहा ‘महतारी गौरव वर्ष’: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को दी जानकारी

रायपुर। लक्ष्मी राजवाड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से सौजन्य भेंट कर प्रदेश में संचालित महिला एवं बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान मंत्री राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक स्वावलंबन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को विकास की धुरी मानते हुए योजनाओं को और अधिक प्रभावी स्वरूप दे रही है।

बैठक में मातृशक्ति सशक्तिकरण, पोषण अभियान की प्रगति, बाल संरक्षण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं के उन्नयन तथा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे विषयों पर सकारात्मक और परिणाममुखी विचार-विमर्श हुआ। मंत्री राजवाड़े ने छत्तीसगढ़ में संचालित नवाचारों, जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों तथा हितग्राहियों तक योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने योजनाओं के प्रभावी संचालन, मॉनिटरिंग तंत्र को मजबूत करने और पात्र हितग्राहियों तक लाभ की पूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण के लिए केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार मातृशक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *