दुर्ग। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में विरोध प्रदर्शन करने वाले NSUI दुर्ग शहर अध्यक्ष वरुण केवलतानी पर पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है।
कलेक्टोरेट का घेराव और ज्ञापन
गुरुवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंचे। यहाँ उन्होंने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक (SP) और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर वरुण केवलतानी पर दर्ज मामले को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

राजनीतिक द्वेष का आरोप
शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस निष्पक्षता भूल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि, “एक तरफ मंत्री सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी गलती की ओर ध्यान आकर्षित करने वाले छात्र नेताओं पर आपराधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने और राजनीतिक विद्वेष की कार्रवाई है।”
क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव बिना हेलमेट के बाइक चलाते नजर आ रहे थे। इस पर NSUI अध्यक्ष वरुण केवलतानी ने कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, पुलिस ने इस प्रदर्शन को आधार बनाकर वरुण पर ही मामला दर्ज कर लिया।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि यह ‘झूठी FIR’ वापस नहीं ली गई, तो पूरी जिला कांग्रेस कमेटी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।