32 नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध खनिज राज्यों में से एक है और खनिज प्रशासन के सुचारु संचालन में मैदानी अमले की भूमिका बेहद अहम होती है।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता ही प्रदेश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई नियुक्तियों से खनिज विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और खनिज अन्वेषण व खनन गतिविधियों को और गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, चूना पत्थर, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसे बहुमूल्य खनिजों से समृद्ध है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त खनि निरीक्षकों से पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य के संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग में योगदान देने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग द्वारा 19 फरवरी 2026 को 32 अधिकारियों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए, जिनमें से 30 को आज मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *