रूस : रूस ने एक बार फिर यूक्रेन के प्रमुख शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की श्रृंखला चलाई है। राजधानी कीव के साथ-साथ दक्षिण और पश्चिमी क्षेत्रों में भी धमाकों की खबर है। हमलों में रणनीतिक ठिकानों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और बंदरगाह सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
दक्षिणी शहर ओडेसा के पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले की पुष्टि हुई है। वहीं पश्चिमी यूक्रेन के लवीव में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार कई रिहायशी इमारतें और रेलवे संपत्तियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि हालिया हमलों में कीव के अलावा निप्रो, किरोवोह्राद (किरोवोड), मिकोलेव, पोल्टावा और सुमी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉस्को शांति वार्ता के बजाय सैन्य दबाव बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हाल के हमलों में दर्जनों मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन इस्तेमाल किए गए। ऊर्जा ढांचे को हुए नुकसान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं।
यह संघर्ष पिछले चार वर्षों से जारी है और इसे समाप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास हो रहे हैं। हालांकि जमीनी इलाकों पर नियंत्रण और सुरक्षा गारंटी जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच अब तक सहमति नहीं बन सकी है। हाल ही में यूक्रेन ने भी रूस की सीमा के भीतर लंबी दूरी तक ड्रोन हमले किए थे, जिससे तनाव और बढ़ गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रहे ऐसे हमले क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं।