दुर्ग। देशभर में 27 फरवरी 2026 को प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में विरोध की लहर तेज हो गई है। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश ने फिल्म के नाम और उसके कथानक पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे प्रतिबंधित करने की मांग की है। इसी सिलसिले में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव के नेतृत्व में दुर्ग कलेक्टर को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
बहन-बेटियों के सम्मान का हवाला
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि फिल्म निर्माता अंकित भड़ाना और संदीप तोमर द्वारा बनाई गई इस फिल्म में एक यादव युवती और दुसरे समुदाय के युवक के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को फिल्माया गया है। यादव समाज का आरोप है कि यह कथानक समाज की बहन-बेटियों की गरिमा और सामाजिक मान-प्रतिष्ठा के विरुद्ध है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि फिल्म का शीर्षक और कहानी जानबूझकर यादव समाज की भावनाओं को आहत करने के लिए चुनी गई है।

बिगड़ सकता है सामाजिक सौहार्द
प्रदर्शनकारियों ने आशंका जताई है कि यदि यह फिल्म सिनेमाघरों या ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होती है, तो इससे सामाजिक तनाव पैदा हो सकता है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि फिल्म के प्रदर्शन से देश भर के यादव समाज में आक्रोश है, जो कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है।
उच्च स्तर पर हस्तक्षेप की मांग
दुर्ग कलेक्टर के माध्यम से समाज ने माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। समाज की स्पष्ट मांग है कि ‘राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम’ (NFDC) इस फिल्म की समीक्षा करे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए।