नई दिल्ली : साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने आखिरकार शादी के बंधन में बंधकर अपने रिश्ते को नया अध्याय दे दिया है। 26 फरवरी को उदयपुर में यह भव्य समारोह पारंपरिक तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जबकि शाम को कोडवा परंपराओं के तहत दूसरी रस्में भी पूरी की गईं।
शाही अंदाज में शादी
शादी का आयोजन उदयपुर के शानदार होटल Mementos by ITC Hotels में हुआ। सोशल मीडिया पर वेन्यू के बाहर के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें दिख रहा है कि मेहमान पैपराजी और फैंस को मिठाइयां बांटते नजर आए। फैंस अब कपल की पहली आधिकारिक वेडिंग तस्वीर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ग्रैंड रिसेप्शन का इंतजार
शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन रखा जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि रश्मिका के कोरियन पॉप कल्चर पसंद होने के कारण वेडिंग फेस्टिविटीज की शुरुआत K-Drama थीम के साथ हुई। खास बात यह रही कि विजय ने PSY के Gangnam Style पर डांस कर रश्मिका को सरप्राइज किया। इसके अलावा मेहमानों के लिए अंताक्षरी सेशन भी रखा गया, जिसमें सिर्फ विजय और रश्मिका की फिल्मों के गाने ही गाए गए। जीतने वाली टीम को लग्जरी गिफ्ट हैम्पर दिए गए।
फिल्मी सेट से शुरू हुई लव स्टोरी
विजय और रश्मिका की पहली मुलाकात 2018 में फिल्म गीता गोविंदम के सेट पर हुई थी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई फिल्म डियर कॉमरेड ने उनकी जोड़ी की लोकप्रियता और बढ़ा दी। फिल्मों के बाद से ही उनके रिलेशनशिप की चर्चाएं तेज थीं, हालांकि कपल ने कभी सार्वजनिक रूप से इसे कन्फ़र्म नहीं किया।
अब शादी के साथ यह चर्चित प्रेम कहानी एक नए और रोमांचक अध्याय में प्रवेश कर चुकी है। फैंस दोनों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।