रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के डुडेरा और पुरैना क्षेत्र के निवासियों को अगले दो दिनों तक जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। मोरिद स्थित 6 MLD जल शोधक संयंत्र (फिल्टर प्लांट) में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लिया गया है।
शुक्रवार और शनिवार को सप्लाई रहेगी बंद
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, मरम्मत कार्य के चलते शुक्रवार और शनिवार को इन क्षेत्रों के 5 वार्डों में पूर्ण रूप से जल आपूर्ति बाधित रहेगी। जल कार्य विभाग के सहायक अभियंता अखिलेश गुप्ता ने बताया कि प्लांट की खराबी को दूर करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द सप्लाई बहाल की जा सके।

टैंकरों से होगी पानी की सप्लाई
आम जनता की परेशानी को देखते हुए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। प्रभावित वार्डों में आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे उपलब्ध पानी का संचय करें और सहयोग बनाए रखें।