गरियाबंद। Indian Army में अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन पंजीयन कर लें। इच्छुक अभ्यर्थी 01 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अग्निवीर भर्ती के लिए अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार पात्र हैं। जिन अभ्यर्थियों की जन्मतिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच है, वे अग्निवीर जनरल ड्यूटी (पुरुष/महिला), अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा सिपाही पद हेतु केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन के पात्र होंगे। इस पद के लिए जन्मतिथि 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 के बीच निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) जुलाई या अगस्त 2026 में आयोजित होने की संभावना जताई गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद के फोन नंबर 07706-241269 पर भी आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।