होली सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” और “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को आपसी गिले-शिकवे भुलाकर रिश्तों को नए सिरे से मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रेस क्लब वर्षों से होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य कर रहा है और यह परंपरा आगे भी जारी रहनी चाहिए। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए।

समारोह के दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्हें मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘नानसेंस टाइम्स’ का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में उस समय खास उत्साह देखने को मिला जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं नगाड़ा बजाकर उत्सव का जोश दोगुना कर दिया। मुख्यमंत्री के नगाड़ा बजाते ही उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया और पूरा परिसर रंगों और उमंग से सराबोर हो उठा। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों और होली के उल्लास में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर कृष्णा दास, सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *