भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के इस प्रथम आधिकारिक कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

होलिका दहन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से होलिका दहन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक (SP) विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और न्यू प्रेस क्लब की नई टीम को उनके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल, एचटीसी ट्रांसपोर्ट एवं सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह छोटू, समाजसेवी प्रभुनाथ मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुकेश चंद्राकर, युवा नेता मनीष पांडे, एसआर हॉस्पिटल के डायरेक्टर व लोकतंत्र प्रहरी के प्रधान संपादक संजय तिवारी और विष्णु पाठक विशेष रूप से शामिल हुए। अतिथियों ने क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, महासचिव दिलीप शर्मा और समस्त कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन किया।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना उत्सव
रंगों की फुहार और नगाड़ों की गूंज के बीच सभी अतिथियों और पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ यह समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान क्लब के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर पत्रकारिता के हितों में कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।