पटना में एनडीए उम्मीदवारों का नामांकन, नीतीश कुमार के साथ पहुंचे अमित शाह

पटना: बिहार की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से प्रदेश की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के अन्य उम्मीदवारों के साथ राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के समय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। एनडीए के पांचों उम्मीदवार—नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, शिवेश कुमार राम और उपेंद्र कुशवाहा—विधानसभा परिसर पहुंचे और राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा भरा।

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पटना में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की।

अपने संदेश में नीतीश कुमार ने बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से लोगों ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है। उसी विश्वास के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ राज्य और जनता की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से बिहार आज विकास और सम्मान की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि जब उन्होंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी से उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी उद्देश्य से इस बार वे राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की थी। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है। तय कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी।

इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि बैठक में राज्यसभा चुनाव के अलावा बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *