बस्तर को मिल सकती है हवाई राहत, रायपुर–जगदलपुर–हैदराबाद फ्लाइट जल्द संभव

रायपुर। बस्तर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को फिर से मजबूत करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। रायपुर–जगदलपुर–हैदराबाद मार्ग पर बंद पड़ी उड़ान सेवा को दोबारा शुरू करने के लिए प्रशासन और एयरलाइन कंपनी के बीच चर्चा जारी है। यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो आने वाले समय में यह फ्लाइट सेवा फिर से शुरू हो सकती है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन कर रहा प्रयास

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने इस रूट पर उड़ान फिर से शुरू कराने के लिए एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर से संपर्क किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और मार्च के पहले सप्ताह तक कोई ठोस निर्णय सामने आ सकता है।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा सहारा

इस हवाई सेवा के दोबारा शुरू होने से बस्तर क्षेत्र के लोगों की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। साथ ही रायपुर और हैदराबाद से आने-जाने वाले यात्रियों को भी सीधा विकल्प मिलेगा। इससे बस्तर में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पहले भी चल चुकी है यह सेवा

गौरतलब है कि इस रूट पर पहले एलायंस एयर की ओर से नियमित उड़ान संचालित की जा रही थी। हालांकि यात्रियों की संख्या कम रहने और परिचालन लागत बढ़ने के कारण वर्ष 2024 के मध्य में यह सेवा बंद कर दी गई थी। अब दोबारा मांग बढ़ने के बाद इसे पुनः शुरू करने की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं।

गर्मियों में शुरू होने की उम्मीद

प्रशासन और एयरलाइन के बीच चल रही बातचीत के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि समर सीजन के दौरान इस रूट पर फ्लाइट सेवा फिर से शुरू हो सकती है। इससे बस्तर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *