रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जब समाज स्वयं अपने बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाता है, तब नई पीढ़ी अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती है। वे आज रायपुर जिले के पारागांव में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पारागांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना को दो वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इस अवसर पर प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में योजना की 25वीं किश्त की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और इस समाज ने देश और प्रदेश को अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं। समाज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के माध्यम से 2000 से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। साथ ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को देश का धान का कटोरा कहा जाता है और किसानों के हित में सरकार लगातार निर्णय ले रही है। होली से पहले 25.28 लाख किसानों के खातों में कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से पिछले दो वर्षों में 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को भी पुनः प्रारंभ किया गया है, जिससे बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के बजट में राज्य के सभी वर्गों के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से नई उद्योग नीति का अध्ययन कर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया और बताया कि राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिन पर कार्य शुरू हो चुका है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम को केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक ललित चंद्राकर और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी संबोधित किया।
इस दौरान समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।