CG Budget Session 2026: आठवें दिन सदन में हंगामे के आसार, कई मुद्दों पर विपक्ष करेगा सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2026 का आज आठवां दिन है। आज भी सदन की कार्यवाही हंगामेदार रहने के आसार हैं। जानकारी के अनुसार जंबूरी विवाद और आत्मानंद स्कूलों की स्थिति को लेकर सदन में जोरदार बहस हो सकती है।

प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल इस मुद्दे को सदन में उठाएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी आत्मानंद स्कूलों की दुर्दशा को लेकर सवाल लगाया है। इन सवालों का जवाब स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सदन में देंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों का जवाब मंत्री लखन लाल देवांगन और डिप्टी सीएम अरुण साव देंगे।

ध्यानाकर्षण में उठेगा आयुष्मान योजना का मुद्दा

प्रश्नकाल के बाद ध्यानाकर्षण के दौरान आयुष्मान योजना के तहत इलाज नहीं मिलने का मुद्दा सदन में उठेगा। कांग्रेस विधायक कविता लहरे इस मामले को उठाते हुए योजना के लाभार्थियों को इलाज नहीं मिलने की समस्या पर सरकार से जवाब मांगेंगी।

वहीं विधायक अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों के रासायनिक अपशिष्ट से पानी प्रदूषित होने के मामले को ध्यानाकर्षण के माध्यम से सदन में रखेंगे। इसके अलावा मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम के विभागों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। साथ ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा।

सातवें दिन धान खरीदी के मुद्दे पर हुआ था हंगामा

मंगलवार को बजट सत्र के सातवें दिन सदन में धान खरीदी को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। विपक्ष ने ‘मुसवा’ के नाम पर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। विपक्ष का कहना था कि वर्ष 2024-25 के सीजन में किसानों से खरीदे गए बड़ी मात्रा में धान को चूहों ने खा लिया, जबकि कुछ धान भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा बेच दिया गया या खराब रखरखाव के कारण खराब हो गया।

इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की, जिसके चलते सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *