फुकेट : थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते समय विमान का आगे का पहिया (नोज गियर) टूट गया, जिससे कुछ समय के लिए रनवे को बंद करना पड़ा। हालांकि विमान में सवार सभी 133 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737 मैक्स-8 विमान हैदराबाद से उड़ान भरकर फुकेट पहुंचा था। विमान जैसे ही रनवे पर उतरा, तभी जोरदार झटका लगा और उसका आगे का पहिया अलग हो गया, जिससे लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद एहतियातन हवाईअड्डे का रनवे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिसके कारण कई अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने आपातकालीन प्रक्रिया लागू की और विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में कहा कि पायलट और क्रू ने सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए स्थिति को संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया।
फिलहाल विमान रनवे पर ही खड़ा है और तकनीकी टीम इसकी जांच कर रही है। इस मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) भी जांच कर सकता है, क्योंकि यह भारतीय एयरलाइन की उड़ान से जुड़ा मामला है।

गौरतलब है कि बोइंग 737 मैक्स-8 विमान पहले भी तकनीकी कारणों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है। ऐसे में इस घटना की विस्तृत जांच होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर भी विमान की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें उसका आगे का लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।