दुर्ग नगर निगम की बजट सभा में भारी हंगामा: पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक, अफीम की खेती का मुद्दा भी गूंजा

दुर्ग |  नगर पालिक निगम दुर्ग की बजट सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को मोतीलाल वोरा सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान सदन का माहौल काफी गरमाया रहा। मूलभूत सुविधाओं के अभाव और वार्डों की समस्याओं को लेकर पार्षदों ने अधिकारियों और एमआईसी प्रभारियों को जमकर घेरा। स्थिति तब दिलचस्प हो गई जब भाजपा के पार्षदों ने ही अपनी सरकार के एमआईसी पीडब्ल्यूडी प्रभारी देवनारायण चंद्राकर को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया।

अफीम की खेती पर तंज और बहस

सदन की कार्यवाही के दौरान पार्षदों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि शहर में हुई अवैध अफीम की खेती का मामला भी चर्चा में आ गया। पार्षद अजीत वैद्य और काशीराम कोसरे के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान वार्ड 49 के पार्षद भास्कर कुंडले ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए अफीम की खेती के मामले को सत्ता पक्ष से जोड़ा। वहीं, वार्ड 57 के पार्षद सरस निर्मलकर ने बिना सूचना वार्ड के कर्मचारी को हटाए जाने पर स्वास्थ्य प्रभारी को आड़े हाथों लिया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।

अपनों ने ही अपनों को घेरा

सभापति श्याम शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पहली बार यह देखने को मिला कि सत्ता पक्ष (भाजपा) के पार्षदों ने ही अपनी पार्टी के एमआईसी सदस्य और पीडब्ल्यूडी प्रभारी देवनारायण चंद्राकर को विकास कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर घेरा। सभापति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सदन में जवाब देने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *