“एक मुट्ठी दान प्रभु श्रीराम के नाम”: रामनवमी के लिए चावल संग्रह अभियान शुरू

भिलाई। रामनवमी के पावन पर्व को लेकर क्षेत्र में भक्ति और सेवा का अनोखा माहौल बन गया है। राम जन्म उत्सव समिति के संरक्षण में समाजसेवी प्रेम प्रकाश पांडे के मार्गदर्शन में “एक मुट्ठी दान प्रभु श्रीराम के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से लोगों को धार्मिक आयोजन से जोड़ने के साथ ही रामनवमी के दिन भव्य महाभोग की तैयारी की जा रही है।

समिति से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु पाठक ने बताया कि 26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर एकत्रित किए गए चावल से महाभोग तैयार किया जाएगा, जिसे प्रसाद के रूप में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से एक मुट्ठी चावल का दान एकत्र कर रहे हैं।

इसी अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 27 में पार्षद लक्ष्मी साहू के नेतृत्व में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान विष्णु पाठक, संजय नायक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के घरों में पहुंचकर लोगों से चावल का दान प्राप्त किया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस धार्मिक पहल में उत्साहपूर्वक सहयोग दिया।

कार्यक्रम में सरिता सिंह, शांति यादव, गणेश साहू, श्रवण साहू, पुष्पा निर्मलकर समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस पुण्य कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब 41 वर्षों से धार्मिक ध्वज यात्रा की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष रामनवमी पर इसे और भव्य स्वरूप दिया जाएगा, जिसमें 1144 ध्वज के साथ विशाल ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा वैशाली नगर, भिलाई नगर और दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

समिति ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस पुण्य अभियान में भाग लेकर रामनवमी के इस महोत्सव को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *