दुर्ग में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : रसमड़ा के ‘पापुसा गैस’ प्लांट पर छापा, 599 सिलेंडर और भारी मात्रा में LPG जब्त

दुर्ग। जिले में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिला खाद्य विभाग की टीम ने रसमड़ा स्थित बोरई इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में संचालित पापुसा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड  के प्लांट पर अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिसके बाद विभाग ने 599 सिलेंडर और करीब 2841 किलोग्राम एलपीजी जब्त कर ली है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कंपनी द्वारा समानांतर विपणन प्रणाली  के तहत गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही थी। प्लांट में कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड के दो ब्रांड— ‘गो गैस’ और ‘गैस प्वाइंट’ के सिलेंडर डीलरों के माध्यम से बांटे जा रहे थे। मौके पर मौजूद 3 बुलेट टैंकों में 2841 किलो गैस भंडारित मिली।

खाद्य विभाग की टीम ने पाया कि प्लांट में सिलेंडरों पर पेंटिंग, नेट वेट, टेयर वेट और एक्सपायरी डेट लिखने का काम तो चल रहा था, लेकिन इसके लिए आवश्यक वैध दस्तावेज मौके पर नहीं मिले। इसके अलावा:

स्टॉक रजिस्टर और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया।

‘अतुल रबर’ नामक डीलर को सप्लाई का दावा किया गया, लेकिन कोई अनुबंध या एग्रीमेंट पेश नहीं किया जा सका।

अनिवार्य रेटिंग प्रमाण पत्र और स्टॉक-कीमत डिस्प्ले बोर्ड भी नदारद मिले।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई ‘द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000’ के प्रावधानों के तहत की गई है। बिना अनुमति एलपीजी व्यापार और स्टॉक संधारण में लापरवाही बरतने के कारण पूरी खेप को जब्त कर लिया गया है।

खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने बताया कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *