दुर्ग।जनदर्शन कार्यक्रम में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास और भूमि सीमांकन जैसे128 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान जनदर्शन में रिटायर शिक्षिका जीपीएफ की समस्या लेकर पहुंची।इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
बता दें,सेवानिवृत्त शिक्षिका को उनकी सेवानिवृत्ति के 6 माह बीत जाने के बाद भी अब तक जीपीएफ (GPF) का भुगतान नहीं किया गया है। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लिया।

भिलाई की सुंदर विहार कॉलोनी में सीवरेज की समस्या
भिलाई के वार्ड 22 स्थित सुंदर विहार कॉलोनी (प्रीत पैलेस के पास) के निवासियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से सड़क पर सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा केवल अस्थायी रूप से मशीन लगाकर पानी हटाया जाता है, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई को मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान करने के कड़े निर्देश दिए।

नल-जल योजना पर नाराजगी
चंदखुरी ग्राम के वार्ड 6 और 7 के ग्रामीणों ने ‘हर घर नल-जल योजना’ के तहत पाइपलाइन का काम अधूरा होने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने पीएचई (PHE) विभाग को इस कार्य में तेजी लाने और जल्द से जल्द जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की समस्याओं का समय सीमा के भीतर निराकरण करना प्रशासन की प्राथमिकता है।