दुर्ग | दुर्ग में हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के पावन अवसर पर आदिशक्ति (हिंदू युवा मंच की महिला इकाई) द्वारा भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली ने शहर को भगवामय करते हुए सनातन संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।
हिंदू युवा मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, महामंत्री राजेश शर्मा एवं अध्यक्ष कुमार नायर के निर्देशानुसार आदिशक्ति की जिला संयोजिका डॉ. भावना दिवाकर के नेतृत्व में रैली ग्रीन (शहीद) चौक से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों—गांधी चौक—से गुजरते हुए चंडी मंदिर पर संपन्न हुई। मंदिर परिसर में मां चंडिका की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे मार्ग पर “जय श्रीराम” और “जय मां भवानी” के जयघोष गूंजते रहे।

रैली में सैकड़ों महिलाएं और युवतियां केसरिया साफा व पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में दोपहिया व चारपहिया वाहनों पर शामिल हुईं। यह दृश्य नारी शक्ति, अनुशासन और सनातन गौरव का जीवंत प्रतीक बना। विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
मुख्य अतिथियों में दुर्ग की प्रथम नागरिक महापौर अलका बाघमार सहित सुरेंद्र कौशिक, अरुण सिंह, स्वीटी कौशिक, स्वाती साहू, डॉ. मानसी गुलाटी, तृप्ति चंद्राकर एवं रजनी बघेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

जिला संयोजिका डॉ. भावना दिवाकर ने कहा कि यह आयोजन केवल रैली नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रति आस्था, एकता और जागरूकता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और मूल्यों से जोड़ना है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं, वहीं पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला। आयोजन में अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। यह जानकारी मंच के जिला संपर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी द्वारा दी गई।