दुर्ग | दुर्ग नगर पालिक निगम की सख्त कार्यवाही का असर सामने आया है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर आज नगर निगम की लाइसेंस शाखा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम न्यू बस स्टैंड स्थित पंजाब बार को सीलबंद करने पहुंची।
सीलिंग की कार्रवाई की भनक लगते ही बार संचालक में हड़कंप मच गया और उसने तत्काल पांच वर्षों का लंबित अनुज्ञा शुल्क, कुल 2 लाख 25 हजार रुपये, मौके पर ही जमा कर दिया। इसके बाद निगम टीम ने सीलबंदी की कार्रवाई स्थगित कर दी।

बताया गया कि पंजाब बार द्वारा पिछले पांच वर्षों से अनुज्ञा शुल्क जमा नहीं किया गया था। नगर निगम की ओर से इस संबंध में तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन न तो किसी नोटिस का जवाब दिया गया और न ही शुल्क जमा किया गया। लगातार अनदेखी के चलते निगम प्रशासन को सख्त कदम उठाने का निर्णय लेना पड़ा।
आज जैसे ही निगम की टीम सीलबंदी की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, कार्रवाई के डर से संचालक ने पूरा बकाया शुल्क तुरंत अदा कर दिया। इस घटना से स्पष्ट हो गया है कि नगर निगम अब बकायादारों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगा।

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि निगम की आय से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों और व्यवसायियों को समय पर कर एवं अनुज्ञा शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक चंदन मनहरे, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर, पवन नायक, तिलक नवरंग, आशीष तिवारी, मुकेश पटेल सहित निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा।