त्योहारों के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसू़द पेजेश्कियन से की बात

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद और नवरोज के अवसर पर ईरान के राष्ट्रपति मसू़द पेजेश्कियन से फोन पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस वार्ता की जानकारी साझा की और उम्मीद जताई कि ये पावन अवसर पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि का संदेश लेकर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर चिंता जताते हुए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल क्षेत्रीय स्थिरता को प्रभावित करती हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर भी गंभीर असर डाल सकती हैं।

दोनों नेताओं के बीच समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए समुद्री रास्तों का सुरक्षित और निर्बाध रहना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने ईरान सरकार का आभार व्यक्त किया कि वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।

इससे पहले भी नरेंद्र मोदी और मसू़द पेजेश्कियन के बीच 12 मार्च को बातचीत हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा आपूर्ति के सुचारु प्रवाह को बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया था, क्योंकि किसी भी प्रकार की बाधा का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिरता पर पड़ सकता है।

पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के बीच भारत कूटनीतिक संवाद को प्राथमिकता दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार क्षेत्र और अन्य देशों के नेताओं से संपर्क में हैं। हाल ही में उन्होंने एमैनुएल मैक्रों समेत कई वैश्विक नेताओं से बातचीत कर शांति और स्थिरता के लिए संवाद और कूटनीति के रास्ते पर जोर दिया।

दरअसल, अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर संयुक्त हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इस संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

ऐसे माहौल में भारत की कोशिश है कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम किया जाए और क्षेत्र में स्थिरता बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *