सेहत का खजाना है कीवी: इम्युनिटी बढ़ाने के साथ कई बीमारियों से बचाव

कीवी एक बेहद पौष्टिक फल माना जाता है, जिसमें कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। इसमें विटामिन A, C, E और K के साथ कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। यही कारण है कि इसे सेहत के लिए बहुत फायदेमंद फल माना जाता है। नियमित रूप से कीवी का सेवन करने से शरीर को कई तरह की बीमारियों से बचाने में मदद मिल सकती है। मूल रूप से चीन में पाए जाने वाले इस फल को वहां का राष्ट्रीय फल भी माना जाता है। अगर इसे रोजाना की डाइट में शामिल किया जाए तो शरीर को कई सकारात्मक लाभ मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कीवी खाने से मिलने वाले प्रमुख फायदे।

ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में सहायक
कीवी में पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो रक्तचाप को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे लोगों के लिए यह फल फायदेमंद माना जाता है और नियमित सेवन से हृदय स्वास्थ्य को भी लाभ मिल सकता है।

प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार
कीवी विटामिन C का अच्छा स्रोत है, जो शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाता है। इसके नियमित सेवन से शरीर को संक्रमण और मौसमी बीमारियों से लड़ने की ताकत मिलती है।

पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
इस फल में एक्टिनिडिन नामक एंजाइम पाया जाता है, जो भोजन को पचाने में मदद करता है। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है।

त्वचा और बालों की सेहत के लिए उपयोगी
कीवी में मौजूद विटामिन C और विटामिन E त्वचा और बालों के लिए लाभकारी होते हैं। इसका सेवन त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करता है और झुर्रियां, पिगमेंटेशन जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है।

शरीर को देता है मजबूती
कीवी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसमें कई तरह के विटामिन पाए जाते हैं जो शरीर को ताकत और ऊर्जा प्रदान करते हैं।

प्लेटलेट्स बढ़ाने में सहायक
मौसम बदलने या बीमारी के दौरान जब शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या कम हो जाती है, तब कीवी का सेवन लाभकारी माना जाता है। यह शरीर में प्लेटलेट्स बढ़ाने में मदद कर सकता है।

बेहतर नींद के लिए फायदेमंद
कीवी में सेरोटोनिन नामक तत्व पाया जाता है, जो नींद की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करता है। जिन लोगों को अनिद्रा की समस्या रहती है, उनके लिए यह फल उपयोगी साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *