BCCI ने IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी की रद्द, बताई ये बड़ी वजह

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। इस बार टूर्नामेंट की पारंपरिक ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। बोर्ड ने यह फैसला पिछले वर्ष बेंगलुरु में हुए एक दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में लिया है।

जानकारी के अनुसार, 4 जून 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु में भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना ने देशभर को झकझोर दिया था। इसी घटना के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बीसीसीआई ने इस बार आईपीएल की शुरुआत सादगी के साथ करने का निर्णय लिया है।

बेंगलुरु में होगा पहला मुकाबला

आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा। उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सुरक्षित और संयमित बनाए रखने के उद्देश्य से भी उद्घाटन समारोह नहीं करने का फैसला लिया गया है।

फाइनल से पहले हो सकती है समापन सेरेमनी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले (31 मई) से पहले समापन समारोह आयोजित किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।

पहले भी रद्द हो चुकी है ओपनिंग सेरेमनी

यह पहला मौका नहीं है जब आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी रद्द की गई हो। इससे पहले वर्ष 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए भी उद्घाटन समारोह आयोजित नहीं किया गया था। उस समय समारोह पर खर्च होने वाली राशि शहीदों के परिवारों को देने का निर्णय लिया गया था।

गौरतलब है कि पिछले सीजन आईपीएल 2025 की ओपनिंग सेरेमनी कोलकाता में आयोजित हुई थी, जिसमें अभिनेता शाहरुख खान, गायिका श्रेया घोषाल, अभिनेत्री दिशा पाटनी और पंजाबी गायक करण औजला जैसे कलाकारों ने प्रस्तुति दी थी।

इस बार आईपीएल 2026 का आगाज भले ही बिना भव्य समारोह के होगा, लेकिन बीसीसीआई का यह फैसला संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *