उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के जेवर में बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह परियोजना भारत के विमानन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है और एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देगी।
प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 11:30 बजे जेवर, गौतम बुद्ध नगर पहुंचेंगे और सबसे पहले टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर में औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें पीएम मोदी हवाई अड्डा परियोजना के महत्व और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर हवाई अड्डे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा था, “एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा! जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन कल होगा।”
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक उपाय किए हैं। समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से यमुना और नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह 7 बजे से करीब 16 घंटे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। अधिकारियों ने जनता से निर्देशों का पालन करने और आवश्यकता से अधिक यात्रा से बचने का आग्रह किया है।
अधिकारियों का कहना है कि उद्घाटन समारोह और पीएम मोदी की जनसभा में सभी तैयारियां पूरी हैं, और उपस्थित लोगों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। यह हवाई अड्डा न सिर्फ एनसीआर बल्कि पूरे उत्तर भारत की वायुमार्ग सुविधा में नए आयाम जोड़ने वाला है।