आईपीएल में कोहली का नया रिकॉर्ड, लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन बनाने वाले बने पहले खिलाड़ी

IPL 2026 : आईपीएल 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से मात दी। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने 202 रनों के बड़े लक्ष्य को बेहद तेज़ी से हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया।

आरसीबी की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान कोहली ने आईपीएल में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट केवल 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। कोहली ने 38 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने 26 गेंदों में ताबड़तोड़ 61 रन जड़ दिए।

इन दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने 202 रनों का लक्ष्य केवल 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसके साथ ही टीम ने आईपीएल में 200 से अधिक रनों के लक्ष्य को सबसे कम ओवरों में सफलतापूर्वक हासिल करने का नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह उपलब्धि राजस्थान रॉयल्स के नाम थी, जिसने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 210 रनों का लक्ष्य 15.5 ओवर में पूरा किया था।

इससे पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन जोड़े।

आरसीबी की गेंदबाजी में जैकब डफी का प्रदर्शन सबसे प्रभावी रहा। अपने आईपीएल डेब्यू मैच में उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *